राम-रावण संवाद
बाँस-काग़ज़ का रावण, चौराहे पर मुस्कराए,
अपना बढ़ता कद देख, मन ही मन इतराए।
हर वर्ष ऊँचा होता जाता, हर वर्ष जलाया जाता,
फिर भी जाने क्यों रावण, पहले से बल पाता।
अपनी तिरछी मुस्कान पे,
रावण रखे राम की जिज्ञासा का मान,
बोला-
वाह प्रभु! क्या लीला है, क्या अद्भुत आज का इंसान,
मेरा पुतला जलाकर करता, अपनी विजय का गान।
आपने मुझको एक बार हराया, ये हर वर्ष है जलाता,
फिर भी मेरे अवगुणों को, अपने भीतर है बसाता!
शौर्य गया, धैर्य गया, भय ने डेरा डाला,
सत्य गया, सदाचार गया, झूठ का है बोलबाला।
विवेक गया, परहित गया, स्वार्थ बना भगवान,
क्षमा, दया और समता का, बचा कहाँ सम्मान?
आपने जिस धर्मरथ से, विजय की राह दिखाई थी,
धैर्य-शौर्य के पहियों पर, सत्य की ध्वजा लहराई थी।
उस रथ को ये भूल गया, बस रथयात्राएँ याद रहीं,
राम का जयकारा लगता रहा, मर्यादाएँ मौन रहीं।
धर्म इसका ध्वज बना, पर भीतर द्वेष है पलता,
मुख पर राम, हृदय में रावण, कैसा खेल यह चलता!
आपने निर्वैर होने की, जग को राह दिखाई,
आपके नाम पर इसने, वैर की दीवार बनाई।
अहंकार को मान मिला, लोभ बना व्यापार,
ईर्ष्या को सम्मान मिला, द्वेष बना व्यवहार।
सदाचार का मंच सजाकर, आचरण है खो गया,
मर्यादा का उपदेशक, स्वयं ही रावण हो गया।
मेरा पुतला भव्य बनाने की, मच गई कैसी होड़,
अहंकार भीतर बसाकर, करता राम से मुँह मोड़।
रावण का कद बढ़ाते-बढ़ाते, घट गया इंसान,
रावण का सबसे ऊँचा पुतला – इस प्रतियोगिता में,
इसने खोए राम के आदर्श महान।
मुझे जलाने यह चलाता अग्निबाण,
इसके भीतर अहंकार कौन जलाएगा?
जिससे मैं परम ज्ञानी हारा,
उससे इस अज्ञानी को
कौन बचाएगा?
काग़ज़ जलता, राख बिखरती, गूँज उठे जयकार,
इसके मन में रावण बढ़ता, लेता नया आकार।
आपको यह सिर्फ़ पूजता, अनुकरण से दूर रहता,
धर्मरथ का उपदेश सुनकर, क्यों उसको नकारता?
मुझको हर वर्ष जलाता, फिर भी होता मेरा विस्तार,
इसके भीतर जीवित रहता, मेरा सारा अहंकार।
मैं काग़ज़ का पुतला, पल में राख हो जाऊँगा,
इसके अवगुणों में फिर भी, मैं ज़िंदा रह जाऊँगा।
इस मिथ्या विजय में ये मग्न रहे, मैं चुपके मुस्काऊँगा,
अगले साल इसी से ख़ुद को और ऊँचा बनवाऊँगा!