जब तपती दोपहर में,
क्षितिज पर काले मेघ हँसे,
और मन के भीतर पहली बूंद
आसमान से पहले बरसे,
वही है कृष्ण।
जब किताब का आख़िरी पन्ना
किसी बालक के हाथ से फिसले,
और वह उसे फेंक
मित्रों की ओर भागे
वही है कृष्ण।
जब प्रतीक्षा का हर पल
धड़कनों की गिनती बने,
और प्रिय का आगमन
साँसों को शृंगार दे
वही है कृष्ण।
जब डर और आराम की दीवार
एक ही छलांग में हो पार,
और अज्ञात की ओर बढ़ते क़दम
आश्चर्य में भीगें
वही है कृष्ण।
कृष्ण…
ना सिर्फ़ वृंदावन की गलियों में,
है हर उस क्षण में
जहाँ साधारण,
बने अचानक असाधारण।